🟢 MP Rajkumar Roat Therat
भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के सांसद राजकुमार रोत को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक लाइव के दौरान जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले यूजर ने इतना ही नहीं, बल्कि सांसद को गोली मारने वाले को एक करोड़ रुपये इनाम देने की बात भी लिखी। इस सनसनीखेज घटना के बाद आदिवासी समाज में जबरदस्त आक्रोश है।
मामला मंगलवार का है, जब सांसद राजकुमार रोत उदयपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नाई थाना पुलिस पर आरोप लगाया कि वह एक हत्या के मामले में आदिवासियों को झूठे केसों में फंसा रही है और उनकी जमीनें हड़पने की कोशिश कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस फेसबुक पर लाइव चल रही थी, तभी ‘चंद्रवीर सिंह’ नाम के यूजर ने लाइव कमेंट में लिखा — “जो राजकुमार रोत को गोली मारेगा, उसे 1 करोड़ रुपये इनाम दिया जाएगा।” कमेंट देखने के बाद सांसद और समर्थकों में हड़कंप मच गया।
धमकी देने वाले यूजर ने सांसद पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। उसने राजकुमार रोत को ईसाई बताया और आरोप लगाया कि वे “सर्व समाज में माहौल खराब कर रहे हैं।” यह कमेंट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद धमकी देने वाले ने अपना फेसबुक अकाउंट डिलीट कर दिया।
घटना के बाद सांसद राजकुमार रोत ने डीजीपी और आईजी को शिकायत दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। सांसद ने सरकार से अपनी और परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।


















