Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • सौर ऊर्जा के नाम पर लाखों की ठगी, जयपुर की कंपनी को लगाया करोड़ों का चूना…
Image

सौर ऊर्जा के नाम पर लाखों की ठगी, जयपुर की कंपनी को लगाया करोड़ों का चूना…

Bikaner Solar Plant Scam

सौर ऊर्जा के नाम पर लोगों को हरित ऊर्जा का सपना दिखाने वाले ठगों ने लाखों रुपए का खेल कर दिया। जयपुर की एग्रोसन एनर्जी लैंड डवलपर्स कंपनी के साथ भारी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। श्रीडूंगरगढ़ के सेरूणा थाने में जयपुर के हीरापुरा निवासी अंशुल गोदारा ने मामला दर्ज कराया है।

शिकायत के अनुसार, नितिन शर्मा (जोधपुर), राजीव रंजन गुरु (गाजियाबाद) और कोलकाता स्थित आरआरईएल कंपनी के संचालक लक्ष्मीपंत शेखानी, उनकी पत्नी रेखा शेखानी और पुत्र प्रतीक शेखानी पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया गया है।

🔹 कैसे रची गई करोड़ों की सौर ठगी की साजिश

परिवादी ने बताया कि आरोपियों ने पूनरासर और राजपुरा के बीच 125 बीघा भूमि पर 35 एमवी सौर ऊर्जा प्लांट निर्माणाधीन बताकर उन्हें निवेश के लिए राजी किया। झूठे दस्तावेज दिखाते हुए आरोपियों ने लीजशुदा जमीन का 29 साल का किराया (7-9 करोड़ रुपए) और अग्रिम चेक भुगतान का आर्थिक बोझ कंपनी पर डाल दिया। इसके साथ ही आरोपियों ने ग्रिड सब स्टेशन से 35 एमवी बिजली कनेक्टिविटी अपनी कंपनी के नाम पर आरक्षित करवा ली, जिससे अन्य सौर उत्पादकों को नुकसान हुआ और राष्ट्रीय संपत्ति का भी ह्रास हुआ।

🔹 80 लाख रुपए की अमानत में खयानत

अंशुल गोदारा ने बताया कि आरोपियों ने 80 लाख रुपए उधार लेकर गलत तथ्य बताकर रकम हड़प ली। इस फर्जीवाड़े से उनकी कंपनी को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सामाजिक प्रतिष्ठा और मानसिक शांति का भी हनन हुआ।

सेरूणा थाना पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। इस पूरे मामले की जांच थानाधिकारी पवन कुमार शर्मा को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने में जुटी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *