🔴 Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने अपने पहले पति को तलाक दिए बिना ही पीहरवालों की सहमति से दूसरी शादी कर ली। यह मामला चक 4 डीएलडी रोझा गांव का बताया जा रहा है, जो 11 अक्टूबर 2017 से 11 अक्टूबर 2024 के बीच का है। रोझा निवासी मिठुराम पुत्र कालूराम ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में मिठुराम ने मूर्तिदेवी, बलवीर कौर, साधूराम, राजूराम, पप्पूराम, करनेल, कालूराम, चन्दूराम, गुड़ीदेवी सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मिठुराम के अनुसार, उसके पुत्र देसराज की शादी करीब आठ वर्ष पहले मूर्तिदेवी से हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही मूर्तिदेवी की मौसी बलवीर कौर और अन्य रिश्तेदारों ने उसे भड़काना शुरू कर दिया कि उसकी शादी गलत जगह हुई है। करीब एक साल पहले बलवीर कौर के देवर की मृत्यु पर रिश्तेदार इकट्ठा हुए, जहां मूर्तिदेवी का रिश्ता चन्दूराम के साथ तय कर दिया गया।
मिठुराम का आरोप है कि इस दौरान मूर्तिदेवी अपने ससुराल से ₹50,000 नकद, सोने का मंगलसूत्र और फुलड़े चोरी कर ले गई। जब परिजनों ने संपर्क किया तो मूर्तिदेवी की मां ने कहा कि “सामान हमारे पास है, दो महीने बाद लड़की को भेज देंगे।”बाद में जब मिठुराम ने पड़ताल की तो पता चला कि मूर्तिदेवी की दूसरी शादी चन्दूराम के साथ कर दी गई है, जबकि पहले पति से कोई तलाक नहीं हुआ था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि विवाहिता ने दूसरी शादी कैसे और किन दस्तावेजों के आधार पर की।















