🪔 Bikaner News Today
रोशनी के पर्व दीपावली के बीच बीकानेर जिले के गुसाईंसर बड़ा गांव में दुख और शोक का माहौल छा गया। श्रीडूंगरगढ़ से भाजपा विधायक ताराचंद सारस्वत की छोटी बहन दुर्गादेवी (65) का रविवार रात खेत में हुए दर्दनाक हादसे में निधन हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्गादेवी अपने पीहर गुसाईंसर बड़ा आई हुई थीं। रविवार रात वे खेत में थ्रेसर मशीन से ग्वार निकालने के कार्य में मदद कर रही थीं। इसी दौरान उनके चेहरे पर बंधा स्कार्फ अचानक थ्रेसर के पंखे में फंस गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिवारजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्गादेवी का ससुराल रतनगढ़ के निकट लधासर गांव में है। जहां सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे से न केवल सारस्वत परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। दीपावली की खुशियों पर मानो ग्रहण लग गया है।














