⚪ Rajasthan Accident News
जयपुर के हरमाड़ा क्षेत्र में शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सीकर रोड स्थित लोहामंडी इलाके में बेकाबू डंपर ने अचानक नियंत्रण खोते हुए एक दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में अब तक 6 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ जब सीकर रोड पर वाहनों की आवाजाही सामान्य थी। तभी तेज रफ्तार डंपर सामने से आ रहे वाहनों को रौंदता चला गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि कई कारें और बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही हरमाड़ा पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एम्बुलेंस से एसएमएस अस्पताल भेजा गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों में गुस्सा और आक्रोश है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजे की घोषणा करने के संकेत दिए हैं।
















