⚫ Rajasthan Crime News
राजस्थान के कोटा शहर के आरकेपुरम थाना क्षेत्र के आंवली रोजड़ी इलाके में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ माँ-बेटी की गला दबाकर नृशंस हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतका ज्योति वैष्णव और उसकी 6 वर्षीय बेटी पलक वैष्णव अपने किराए के मकान में मृत पाई गईं। ज्योति के पति भगवान वैष्णव शहर के एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर हैं। उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे ड्यूटी पर गए थे और रात करीब 8 बजे घर लौटे तो देखा कि घर का दृश्य भयावह था। उनकी बेटी पलक स्कूल ड्रेस में बेहोश पड़ी थी, जबकि पत्नी ज्योति रसोई में खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। कमरे में जगह-जगह खून फैला हुआ था। उन्होंने तुरंत दोनों को कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू की है। प्रारंभिक जांच में दोनों की गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। घर में किसी तरह की लूटपाट के संकेत नहीं मिले हैं, जिससे पुलिस पारिवारिक या निजी रंजिश की दिशा में भी जांच कर रही है।
भगवान वैष्णव ने बताया कि वह पिछले 10-11 वर्षों से रोजड़ी इलाके में किराए से रह रहे हैं और उनकी बेटी कक्षा पहली में पढ़ती थी।
















