🔴 Bikaner Crime News
विवाहिता की मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मृतका की माँ ने बीकानेर के सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर अपनी बेटी की मौत को आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। यह मामला 30 अगस्त से 3 नवंबर के बीच का बताया जा रहा है।
मृतका की माँ बिल्किस बानो ने रिपोर्ट में राशीद, नगीना, खालिद, सोनू व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। प्रार्थिया ने बताया कि उसकी बेटी रहमत का विवाह राशीद के साथ हुआ था, लेकिन विवाह के बाद से ही रहमत को लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ी। बताया जा रहा है कि आरोपी की दूसरी पत्नी भी उसी घर में रहती थी, जिससे रहमत को आए दिन झगड़ों और अपमान का सामना करना पड़ता था।
बिल्किस बानो के अनुसार, रहमत अक्सर मायके फोन कर अपने साथ हो रही मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के बारे में बताती थी। 2 नवंबर को रहमत ने अपनी माँ को फोन कर कहा था कि “ये लोग मुझे मार देंगे, मेरी जान को खतरा है।” अगले ही दिन यानी 3 नवंबर को रहमत की फांसी लगाकर मौत की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एसपी के निर्देश पर जांच सीओ सिटी अनुष्ठा कालिया को सौंपी गई है।














