🟡 Bikaner News Today
बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां इंदिरा गांधी नहर के मोघे बदलने को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच विवाद गहराता चला गया। गुरुवार सुबह यह विवाद उस वक्त हिंसक रूप ले गया जब किसानों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। अचानक हुए इस हमले में पुलिस की गाड़ी और जेसीबी सहित कई वाहनों के शीशे टूट गए, वहीं कुछ पुलिसकर्मी और किसान चोटिल होने की सूचना भी है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले इंदिरा गांधी नहर की आरडी-145 से मोघे बदले गए थे, जिस पर किसानों ने आपत्ति जताई थी। गुरुवार सुबह किसान नहर स्थल पर एकत्र हुए और नहर विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। अधिकारियों के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में बातचीत चल ही रही थी कि माहौल अचानक गरमा गया विवाद बढ़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित किसानों ने पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। कुछ ही देर में पथराव इतना तेज हो गया कि पुलिस वाहन और जेसीबी के शीशे चकनाचूर हो गए।
सूचना मिलते ही खाजूवाला सीओ अमरजीत सिंह और सीआई सुरेंद्र प्रजापत मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में लिया। फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।















