⚪ Bikaner Crime News
दीपावली के समय हुए विवाद की रंजिश एक परिवार पर कहर बनकर टूटी। देर रात हथियारों से लैस बदमाश मोटरसाइकिलों और वेगन आर में सवार होकर एक घर में घुस आए और परिवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में घायल हुए लोगों ने आरोप लगाते हुए बताया कि बदमाशों ने न केवल मारपीट की बल्कि घर में घुसकर महिला की लज्जा भंग भी की।
परिवादी के अनुसार, उसके भाई और चेतन सिंह उर्फ चींटू के बीच दीपावली पर हुए विवाद के बाद से तनाव चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते 12 और 13 नवंबर की दरमियानी रात चेतन सिंह, हर्षित, मनोज नायक, जयसिंह, महेंद्र छींपा सहित 5-7 अन्य लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर आ धमके।
घर में घुसते ही आरोपियों ने जान बचाकर अंदर भागे भाई को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन वह बच निकला। इसके बाद बदमाशों ने उसके पिता पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवादी और उसकी पत्नी को भी गंभीर चोटें आईं।
परिजनों का आरोप है कि हमलावर घर में घुसकर महिला की लज्जा भंग कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।















