⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर शहर में बुधवार देर रात सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक पर रास्ता रोककर तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। पीड़ित मनोज नायक निवासी नायकों का मोहल्ला, गंगाशहर रोड ने सिटी कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया है। घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे मनोज का भाई हर्षित अपने दोस्त चिन्टू के साथ बुलेट पर दाऊजी रोड की ओर गया था। कुछ देर बाद हर्षित ने घबराए हुए मनोज को फोन किया और बताया कि सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पीछे कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया है। न सिर्फ रोक रखा है बल्कि गाली-गलौच, मारपीट करते हुए उन्हें बंधक भी बना लिया है। सूचना मिलते ही मनोज अपने दोस्त जयसिंह उर्फ भैरू के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मोहित माली, राजू माली और पांच–सात अन्य लोग तथा कुछ महिलाएं हर्षित और चिन्टू के साथ मारपीट कर रही थीं। मनोज ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने तलवारों से मनोज पर हमला बोल दिया। हमले में मनोज के सिर और दाहिने हाथ पर गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और धमकी दी कि “आज नहीं छोड़ेंगे।”
हमले में हर्षित की बुलेट मोटरसाइकिल भी तोड़ दी गई। मनोज का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई है, जो मामले की जांच में अहम सबूत साबित हो सकती है।
पुलिस ने घायल मनोज का मेडिकल करवाया, जिसमें सिर व हाथ पर पट्टियां बंधी मिलीं। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 324(2), 189(2) तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं 3(1)(आर)(एस), 3(2)(1वीए) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।मामले की जांच सीओ सिटी श्रवणदास संत को सौंपी गई है।















