⚫ Srinagar blast latest update
जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार रात नौगाम पुलिस स्टेशन अचानक दहशत की गूँज से कांप उठा। रात 11:20 बजे हुए धमाके ने पूरे इलाके को हिला दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 9 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 29 घायल अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
अधिकारियों के मुताबिक विस्फोट उस समय हुआ, जब पुलिस व्हाइट-कॉलर आतंकी मॉड्यूल से जब्त किए गए विस्फोटकों की जांच के लिए सैंपल ले रही थी। विस्फोटक हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉ. मुजम्मिल गनई के किराए के घर से बरामद किए गए थे। नई दिल्ली कार ब्लास्ट मॉड्यूल से जुड़े 8 आतंकियों में शामिल है। जांच में पता चला है कि बरामद विस्फोटक तब तक नहीं फट सकते जब तक उन्हें डेटोनेटर, फ्यूज या किसी ट्रिगर से सक्रिय न किया जाए। यही वजह है कि सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी हमले की संभावना को भी खारिज नहीं किया है।जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक फ्रंट ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई।
दिल्ली ब्लास्ट से जोड़कर जांच
10 नवंबर को दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट-1 के पास खड़ी i20 कार में हुए ब्लास्ट में 13 लोग मारे गए थे। अब नौगाम धमाका उसी आतंकी नेटवर्क और विस्फोटक सप्लाई चैन से जुड़ा हो सकता है।
अभी यह साफ नहीं है कि पुलिस स्टेशन में पूरा 360 किलो विस्फोटक था या सिर्फ उसका हिस्सा। घायल कर्मचारियों का उपचार 92 आर्मी बेस हॉस्पिटल और SKIMS सौरा में जारी है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे थाना परिसर को सील कर दिया है।


















