🔴 Rajasthan Accident News
राजस्थान के जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रक और टेम्पो की भीषण टक्कर में 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि महिलाओं व बच्चों समेत करीब 14 लोग घायल हैं। सभी श्रद्धालु गुजरात के सांबरकाठा जिले से रामदेवरा दर्शन के लिए रवाना हुए थे।
रविवार सुबह करीब 5:30 बजे बालेसर के खारी बेरी गांव के पास बाजरे की बोरियों से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि— टेम्पो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। ट्रक आगे जाकर हाईवे पर पलट गया। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
टेम्पो में आगे बैठे महेंद्र ने बताया कि करीब 20 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। खारी बेरी गांव में अचानक हुए हादसे ने सभी को संभलने का मौका नहीं दिया। हादसा होते ही वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी।
बालेसर, आगोलाई और हाईवे की कुल 3 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को पहले बालेसर सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया।मृतकों के शव बालेसर सीएचसी की मॉर्च्यूरी में रखवाए गए।
















