🟢 Anamol Bishnoi News
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लेकर अमेरिका से बड़ा अपडेट सामने आया है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका ने भारत डिपोर्ट कर दिया है, जिसके बाद भारत की सुरक्षा एजेंसियों में हलचल तेज हो गई है। अनमोल, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और NCP नेता बाबा सिद्दीकी मर्डर केस, सिद्धू मूसेवाला हत्या और सलमान खान के घर पर फायरिंग केस सहित कई संगीन मामलों में वांछित बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, अनमोल बिश्नोई को 19 नवंबर 2025 की सुबह 10 बजे दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर लाया जाएगा। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीमें एयरपोर्ट पर तैनात रहेंगी, ताकि सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया बिना किसी चूक के पूरी की जा सके। केंद्र सरकार यह तय करेगी कि उसे सबसे पहले किस जांच एजेंसी की कस्टडी में सौंपा जाएगा। अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने NCP नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को ईमेल भेजकर पुष्टि की कि उनके पिता की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता अनमोल को अमेरिका से निकाल दिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 11 नवंबर को ही अनमोल को अमेरिका से बाहर कर दिया गया था।
अनमोल बिश्नोई का क्रिमिनल रिकॉर्ड बेहद लंबा है। भारत में उसके खिलाफ 32 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें — फिरौती अपहरण हत्या की कोशिश टार्गेट किलिंग हथियारों की तस्करी जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। सिर्फ राजस्थान में ही उसके खिलाफ 20 मामले दर्ज बताए जाते हैं।


















