🟡 Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने मोहल्ले के ही एक युवक पर लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का संदेह जताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस टीम सक्रिय हो गई है।
परिजनों के अनुसार नाबालिग बुधवार सुबह करीब 9 बजे गांव सातलेरा जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन वहां पहुंची ही नहीं। पूरे दिन तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। देर शाम परिजनों ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
शिकायत में बताया गया है कि मोहल्ले का एक युवक काफी समय से नाबालिग को परेशान कर रहा था। परिजनों द्वारा चेतावनी दिए जाने पर उसने लड़की को उठाकर ले जाने और जबरन शादी करने की धमकी भी दी थी। इसी आधार पर परिवार ने उसके खिलाफ संदेह जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच एसआई राजेंद्र कुमार को सौंपी है। फिलहाल नाबालिग की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।















