🟡 Rajasthan Crime News
जैसलमेर के सांगड़ थाना क्षेत्र के कोडा गांव में 35 वर्षीय गुड्डी देवी की संदिग्ध हालात में मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया है। 5 बेटियों की मां गुड्डी का शव घर के पानी के टैंक में मिलने पर मामला हत्या का बताया जा रहा है। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर गला घोंटकर हत्या करने और हादसे का रूप देने का आरोप लगाया है।
गुरुवार सुबह जवाहिर अस्पताल की मॉर्च्यूरी के बाहर पीहर पक्ष ने धरना देकर न्याय की मांग की। SHO बाबूराम के अनुसार, मृतका के भाई गजसिंह निवासी गजसिंहपुरा ने पति खीमाराम भील, जेठ भोजाराम और ताराराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
5 बेटियों की वजह से मिलते थे ताने, ससुराल में बढ़ रही थी प्रताड़ना
गजसिंह के अनुसार, गुड्डी की शादी लगभग 15-16 वर्ष पहले खीमाराम भील से हुई थी। शादी के बाद उसे लगातार 5 बेटियां हुईं। इसी बात को लेकर पति और जेठ अक्सर ताने मारते थे और शारीरिक-मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। प्रताड़ना बढ़ने पर गुड्डी कुछ समय पहले मायके आ गई थी, लेकिन पंचायत के समझौते के बाद 4 महीने पहले उसे फिर ससुराल भेजा गया।
19 नवंबर की रात रचा गया षड्यंत्र, गले पर मिले निशान
परिजनों का आरोप है कि 19 नवंबर की रात ससुराल पक्ष ने षड्यंत्रपूर्वक गुड्डी का गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को पानी के टैंक में डाल दिया। परिजनों के अनुसार शव देखने पर गले पर साफ निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो जाती है।
जांच जारी, आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ससुराल पक्ष घर से गायब बताया जा रहा है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। इस दर्दनाक घटना ने फिर एक बार बेटियों को बोझ समझने वाली मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



















