⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर के उदासर क्षेत्र में एक सेवानिवृत महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट, अभद्रता और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का संगीन मामला सामने आया है। जेएनवीसी थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने जबरन भूखंड पर कब्जे की कोशिश की और विरोध करने पर महिला को धक्का देकर गिराया, कपड़े फाड़ दिए तथा सोने का फूलड़ा छीन लिया।
पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2008 में उसने उदासर स्थित राय नगर कॉलोनी के मुरबा में भूखंड खरीदा था। 11 अक्टूबर 2025 को जब वह अपने भूखंड पर पहुंची, तो वहां निर्माण कार्य होता देख आपत्ति जताई। इसी दौरान कुलदीप, रामेश्वर, अनिल पारीक, बिरजू सहित अन्य आरोपियों ने विवाद बढ़ाया और गाली-गलौज शुरू कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने महिला को धक्का देकर नीचे गिरा दिया, उसके कपड़े फाड़ दिए और पहना हुआ सोने का फूलड़ा भी छीन लिया। इसके बाद आरोपी आपस में बोले—“बंदूक लाओ, इसको सबक सिखाओ”—और जान से मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ने पर पीड़िता किसी तरह अपनी साथी महिलाओं के साथ वहां से जान बचाकर निकली और थाने पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट में उल्लेख है कि यह विवाद 2022 से ही चला आ रहा था, जो अब हिंसक रूप ले चुका है। पीड़िता ने आरोपियों से सुरक्षा की मांग भी की है।
जेएनवीसी थानाधिकारी के अनुसार मामला गंभीर है, आरोपियों की भूमिका और घटनास्थल की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला अवैध कब्जा, मारपीट, लूट व जानलेवा धमकी का माना जा रहा है।














