⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद नाबालिग को ब्लैकमेल करने और अश्लील हरकतें करने का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, नाबालिग के ही गांव के एक युवक ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर उसकी निजी जिंदगी में दखल देना शुरू कर दिया। कुछ दिनों की बातचीत के बाद युवक लगातार ऑडियो-वीडियो कॉल करने लगा और नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसके अश्लील फोटो ले लिए। विरोध करने पर उसने फोटो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार गलत दबाव तैयार किया।
आरोपी ने फोटो वायरल करने के डर से नाबालिग को दो से तीन बार अपने घर तक बुलाया और 21 नवंबर को अश्लील हरकतें करते हुए गलत काम के लिए धमकाने का आरोप है। नाबालिग ने इंकार किया तो युवक ने उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए और कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी नाबालिग ने जब परिजनों को पूरी घटना बताई तो उसके पिता ने तुरंत थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॉक्सो एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच थानाधिकारी जितेंद्र कुमार स्वामी कर रहे हैं।














