⚪ Rajasthan News Today
राजस्थान में सरकारी स्कूलों के भीतर बने धार्मिक स्थलों और अवैध अतिक्रमण को लेकर अब सरकार का रुख बेहद सख्त हो गया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दो दिवसीय राजसमंद दौरे के दौरान यह स्पष्ट कर दिया कि यदि किसी भी विद्यालय परिसर में धार्मिक स्थल पाया गया, तो स्कूल प्रधान पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जाए।
गुरुवार को पिपलांत्री जाते समय शिक्षा मंत्री ने राजसमंद मार्ग में स्थित चार सरकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। दो स्कूलों में शौचालयों की गंदगी व अव्यवस्था देखकर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। वहीं, अन्य दो स्कूलों के परिसर में धार्मिक स्थल बन जाने पर मंत्री नाराज हो गए और इसे सरकारी नियमों का उल्लंघन बताया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूल शिक्षा और संस्कार देने की जगह हैं, धार्मिक संरचनाओं का स्थल नहीं। उन्होंने साफ कहा— “राजस्थान के किसी भी सरकारी स्कूल में धार्मिक स्थल या अवैध निर्माण अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” सरकार ने स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं कि अब यदि किसी भी स्कूल में मंदिर, मजार, या किसी भी प्रकार की धार्मिक संरचना पाई जाती है, तो सीधे स्कूल प्रधान (प्रधानाध्यापक) पर कार्रवाई की जाएगी।
मदन दिलावर ने कहा कि, स्कूलों को शिक्षा मंदिर बनाया जाए, असली मंदिर नहीं। राज्य सरकार चाहती है कि बच्चे स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण में पढ़ें, इसलिए किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या धार्मिक स्थल हटाया जाएगा।



















