⚪ Bikaner News Today
बीकानेर शहर को क्लीन एवं ग्रीन इको सिटी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राजस्थान सरकार ने स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत 80 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया है। जिले में सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स की कार्ययोजना और आगामी चरणों पर चर्चा हुई।
जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड होगी कार्यकारी एजेंसी
जिला कलेक्टर ने बताया कि बीकानेर स्मार्ट सिटी के लिए जयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को कार्यकारी एजेंसी नियुक्त किया गया है। यह एजेंसी एक महीने में डीपीआर (Detail Project Report) तैयार करेगी। एजेंसी का दल दो दिन बाद बीकानेर पहुंचेगा और सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करेगा। बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास और बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी ने भी इस प्रोजेक्ट के लिए अपने-अपने सुझाव जिला प्रशासन को सौंपे हैं।
तीन वर्षों में फेज-वाइज होगा स्मार्ट डेवलपमेंट
कलेक्टर वृष्णि ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत बीकानेर में विकास कार्य अगले तीन सालों में फेज-वाइज होंगे। इन परियोजनाओं में शामिल हैं—
हरित अवसंरचना और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा
इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के लिए उपयुक्त इंफ्रास्ट्रक्चर
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सिस्टम का विस्तार
वर्षा जल संचयन और एकीकृत जल विरासत प्रबंधन
सौर रूफटॉप मॉडल और ग्रीन मोबिलिटी समाधान
मुख्य सड़कों के फेसाड का नवीनीकरण
विरासत भवनों और पारंपरिक जल संरचनाओं का संरक्षण
वेस्ट-टू-एनर्जी और खाद निर्माण सुविधाओं का विकास
जलभराव रोकने के लिए आधुनिक ड्रेनेज नेटवर्क
शहरी लचीलापन हेतु ब्लू-ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर
इन सभी परियोजनाओं का लक्ष्य बीकानेर को आधुनिक, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना है।














