🔴 Rajasthan Crime News
भरतपुर के कामां इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। राधा नगरी कॉलोनी में रविवार देर रात 16 वर्षीय नाबालिग बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार आरोपी ने घर में रखे सरिए से सो रही मां पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने नाबालिग को डिटेन कर लिया है।
परिवादी सौराब सिंह ने बताया कि, उसकी पत्नी रुक्सीना के साथ दो बेटे और एक बेटी घर पर थे। नाबालिग बेटे ने कुछ समय पहले होटल पर काम कर 7,000 रुपये कमाए थे, जो उसने मां को सौंप दिए थे। रविवार को उसने मां से वही 7,000 रुपये वापस मांगे। रुक्सीना ने पैसे देने से मना किया और कहा कि वह पैसे खर्च कर देगा या कहीं खो देगा। इसी बात पर आवेश में आकर बेटे ने घर में रखा सरिया उठा लिया और बिस्तर पर सो रही मां पर टूट पड़ा। मां की चीख सुनकर उसके बेटे और बेटी कमरे में पहुंचे, जहां उन्होंने मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए और तुरंत कामां पुलिस को सूचना दी।
कामां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमोर्टम के लिए भेज दिया गया है। एफआईआर में सौराब सिंह ने अपने ही नाबालिग बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।



















