⚫ Bikaner Political News
बीकानेर प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब मीडिया द्वारा शहर के हालात को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री के पीछे खड़े बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास अचानक आक्रोशित हो गए। मंत्री के जवाब देने से पहले ही विधायक व्यास का तीखा रुख सामने आ गया, जिससे बैठक स्थल पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
दरअसल, पत्रकारों ने मंत्री से सवाल किया कि “शहर के हालात को लेकर विधायक कहीं दिखाई नहीं देते”। यह बात विधायक जेठानंद व्यास को नागवार गुज़री और वे आगबबूला हो गए। विधायक ने तीखे स्वर में कहा— “गलत मत बोलो, मैं वार्ड-वार्ड घूमता हूं, हर जगह पहुंचता हूं।” स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि और प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह ने विधायक को शांत कराया।
मीटिंग शुरू होने से पहले ही बढ़ी नाराजगी
इस घटनाक्रम से पहले भी बैठक को लेकर विधायक व्यास नाराज नजर आए। जानकारी के अनुसार, जब वे बैठक स्थल पहुंचे, तब मीटिंग पहले ही शुरू हो चुकी थी और उन्हें बैठने के लिए कुर्सी तक उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे आहत होकर विधायक ने अपनी नाराजगी सीधे मंत्री के सामने जाहिर की।
मीडिया से बातचीत में विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि, बैठक तय समय से पहले शुरू कर दी गई, जो प्रशासनिक लापरवाही है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा— “प्रशासन को समय और प्रोटोकॉल का ध्यान रखना चाहिए। यह प्रशासन की गलती है, जो कहना था, यथास्थान कह दिया।” हालांकि, विधायक ने यह भी साफ किया कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है। मैं शुद्ध भाजपा का विधायक हूं, किसी से कोई विवाद नहीं है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
बैठक के दौरान हुआ यह घटनाक्रम अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। एक ओर प्रशासनिक प्रोटोकॉल पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधियों की भूमिका और संवेदनशीलता पर भी बहस तेज हो गई है।















