🟢 CM Bhajanlal Sharma Bikaner Visit
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आज बीकानेर दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही स्तर पर खासा अहम माना जा रहा है। सीएम नाल एयरपोर्ट पर आगमन के बाद सीधे लूणकरणसर के लिए रवाना होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से इंदिरा गांधी नहर का हवाई सर्वेक्षण करेंगे, जिससे क्षेत्र के जल प्रबंधन और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकता साफ झलकती है।
सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल तक हर तैयारी का बारीकी से जायजा लिया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की चूक न हो। वहीं दूसरी ओर भाजपा संगठन भी पूरी सक्रियता में नजर आ रहा है। कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में लूणकरणसर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं और सोमवार से ही भाजपा कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
हालांकि, इस दौरे के बीच सियासी माहौल गर्म होता दिख रहा है। लूणकरणसर कांग्रेस बीते कई दिनों से सरकार पर सवाल उठा रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि लोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री से मिलने और ज्ञापन सौंपने का अवसर दिया गया तो वे क्षेत्र की समस्याओं को सामने रखेंगे, लेकिन अगर उन्हें रोका गया तो विरोध करना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है।
इस बीच सोमवार शाम से ही देहात कांग्रेस महासचिव महीपाल सारस्वत, ब्लॉक अध्यक्ष अजय गोदारा, पीसीसी के पूर्व सदस्य आसु सारण, देहात कांग्रेस जिला सचिव ख्याली सुथार, रामप्रताप सियाग और लूणकरणसर नगर अध्यक्ष शाहनवाज पडिहार सहित कई कांग्रेस नेता पुलिस व प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं। प्रशासन की ओर से इन नेताओं की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा से किसानों की फसलों, यूरिया संकट सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सवाल उठाए।
कांग्रेस नेता महीपाल सारस्वत का कहना है कि पुलिस निगरानी के बावजूद उनकी मंशा शांतिपूर्ण ढंग से जनता की समस्याएं मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की है। यदि प्रशासन समन्वय बनाता है तो वे ज्ञापन सौंपेंगे, अन्यथा आगे की रणनीति सामूहिक निर्णय से तय की जाएगी।
उधर, लूणकरणसर में संभावित विरोध की आहट को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पहले हेलीपैड भगत सिंह स्टेडियम में प्रस्तावित था, लेकिन अब सभा स्थल के प्रांगण में ही हेलीपैड तैयार किया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह बदलाव पूरी तरह सुरक्षा कारणों से किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।















