⚪ Bikaner News Today
बीकानेर जिले में एक बार फिर निजी कंपनियों की लापरवाही सामने आई है। रेंज सोलर कंपनी की घोर अनदेखी के चलते विद्युत लाइन से करंट लगने पर गंभीर रूप से झुलसे मासूम बालक के मामले में आखिरकार गजनेर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सोलर कंपनी के मालिकों व संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रेंज सोलर प्लांट क्षेत्र में बिछाई गई सर्विस लाइन में लापरवाहीपूर्वक करंट प्रवाहित था। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक निर्दोष बालक अचानक करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बालक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बालक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार न्याय की मांग की जा रही थी। इस मामले में चैन सिंह राजपुरोहित द्वारा सीएमओ कार्यालय में पीड़ित पक्ष रखा गया। सीएमओ स्तर से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों के कॉल आने के बाद गजनेर थाना अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेंज सोलर कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।














