⚪ Bikaner News Today
बीकानेर शहर की सांखला रेलवे क्रॉसिंग पर लगाया गया नया ऑटोमैटिक स्लाइडिंग बूम फाटक सोमवार को अचानक गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन कुछ सेकेंड की देरी जानलेवा साबित हो सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फाटक इतनी तेजी से नीचे गिरा कि क्रॉसिंग पर मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। उसी समय एक बाइक सवार फाटक की ओर बढ़ रहा था, जो महज कुछ सेकेंड के अंतर से चपेट में आने से बच गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि यदि बाइक थोड़ी सी भी आगे निकल जाती, तो लोहे का स्लाइडिंग बूम सीधे बाइक सवार पर गिर सकता था। घटना के बाद कुछ देर तक क्रॉसिंग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एक राहगीर ने बताया, हमने कुछ समझा ही नहीं, अचानक फाटक धड़ाम से नीचे आ गया। अगर कोई नीचे होता तो गंभीर चोट लग सकती थी।
रेलवे द्वारा हाल ही में पुराने मैन्युअल फाटकों को हटाकर नई स्लाइडिंग बूम तकनीक से चलने वाले फाटक लगाए जा रहे हैं। सांखला फाटक पर भी महज दो दिन पहले यह नया ऑटोमैटिक सिस्टम शुरू किया गया था।यह फाटक सेंसर और मोटराइज्ड कंट्रोल सिस्टम से संचालित होता है, जिससे ट्रेन आने से पहले फाटक स्वतः बंद हो जाता है।















