⚪ Bikaner Accident News
बीकानेर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरनाक परिणाम सामने रख दिए। एक ओर खाटू श्याम जी से लौट रही कार पलट गई, वहीं दूसरी ओर नापासर क्षेत्र में ट्रेलर की टक्कर से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
पहला घटना: खाटू श्याम से लौटते समय कार पलटी
खाटू श्याम जी के दर्शन कर बीकानेर लौट रही एक कार अलसुबह करीब 4 बजे शहर के घुमचक्कर पर बने डिवाइडर से टकरा गई। तेज गति के कारण कार पलट गई और आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में सवार बीकानेर निवासी 5 युवकों में से दो युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान रामदेव मोदी (30 वर्ष) शंकर सुथार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। घायलों को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी की एम्बुलेंस से उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

दूसरी घटना: नापासर में भीषण हादसा, ट्रेलर ने लोगों को कुचला
नापासर थाना क्षेत्र के देशनोक–नौरंगदेसर मार्ग पर रात करीब 12 बजे हुई। सड़क पर एक ऑटो पलट गया था, जिसे उठाने के लिए पिकअप गाड़ी बुलाई गई थी। इस दौरान मौके पर 5 से 7 लोग मौजूद थे। इसी बीच तेज रफ्तार से आए एक ट्रेलर ने पहले ऑटो और पिकअप को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को पीबीएम हॉस्पिटल, बीकानेर ले जाया गया। इलाज के दौरान रात करीब 3 बजे एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले
- राजूराम पुत्र रामप्रसाद जाट (लूणासर, चुरू)
- सुनील पुत्र लिच्छूराम गोदारा (बादडिया, चुरू)
- सुनील पुत्र भंवरलाल बिश्नोई (रासिसर, बीकानेर)
- राजेश पुत्र पूर्णमल जांगिड़ (झीनी, झुंझुनूं)
पुलिस ने दोनों हादसों के संबंध में जांच शुरू कर दी है।















