⚪ Bikaner News Today
बीकानेर जिले के श्रीकोलायत क्षेत्र के झझू गांव में बीएसएनएल के मोबाइल टावर में करंट फैलने से तीन दुधारू गायों की दर्दनाक मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में पीड़ित गौपालक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मृत गायों के शवों के पास धरने पर बैठ गए हैं और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई व उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह अचानक बीएसएनएल के मोबाइल टावर में करंट फैल गया। इसी दौरान गांव निवासी अशोक कुमार राणा की तीन दुधारू गायें टावर की चपेट में आ गईं, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बीएसएनएल के कर्मचारियों व अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि टावर की उचित सुरक्षा व्यवस्था और समय-समय पर जांच नहीं होने के कारण करंट फैला, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने इसे बड़ी प्रशासनिक चूक बताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि, गनीमत रही कि घटना के समय टावर के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा जानमाल का बड़ा नुकसान हो सकता था। इसी लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोलायत पुलिस उप अधीक्षक संग्राम सिंह, थानाधिकारी जसवीर कुमार एवं जय सिंह हाडला (सरपंच प्रतिनिधि) मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण मुआवजा व दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।















