Bikaner Breaking
  • Home
  • Bharat
  • अवैध खनन मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष पर 54 करोड़ की पेनल्टी…
Image

अवैध खनन मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष पर 54 करोड़ की पेनल्टी…

⚪ BJP Mandal President illegal mining

मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र में स्थित चंगेज पहाड़िया पर बीते दो वर्षों से चल रहे अवैध खनन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि करैरा भाजपा मंडल अध्यक्ष वीनस गोयल और उनके दो भाई भावेश गोयल व राजेश गोयल ने मिलकर पहाड़ी को पूरी तरह खोद डाला। इस गंभीर मामले में कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी ने खनिज विभाग की रिपोर्ट के आधार पर तीनों पर 54 करोड़ 58 लाख 32 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोका है।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह दंड मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण) निवारण नियम 2022 के अध्याय 5, नियम 18 के तहत लगाया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर रॉयल्टी की राशि का 15 गुना जुर्माना लगाया गया, जिसे नियमों के अनुसार दोगुना कर कुल 54.58 करोड़ रुपये किया गया है। इसके साथ ही पर्यावरणीय क्षति के लिए अलग से मुआवजा भी अधिरोपित किया गया है। कलेक्टर ने आदेश दिया है कि पूरी राशि 30 दिनों के भीतर खनिज खाता (0853) में जमा की जाए, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर चौधरी ने करैरा एसडीएम अनुराग निंगवाल को निर्देशित किया है कि विवादित भूमि के खसरा रिकॉर्ड और मौके की स्थिति की गहन जांच करें। यदि जांच में अवैध कॉलोनी या छोटे भूखंडों की खरीद-फरोख्त पाई जाती है, तो मध्यप्रदेश नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 339(ग) के तहत प्रकरण दर्ज कर 15 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक चंगेज पहाड़िया पर अवैध खनन किसी छुपे तरीके से नहीं, बल्कि खुलेआम किया जा रहा था। रोजाना 10 से 12 हिटैची मशीनें और डंपर पहाड़ी से मुरम और बोल्डर निकालने में लगे रहते थे। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन, जिला स्तर के अधिकारी और खनिज विभाग लंबे समय तक आंखें मूंदे बैठे रहे। बताया जा रहा है कि जब यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, तब जाकर प्रशासन को मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी। चूंकि मामला सत्ताधारी दल के एक पदाधिकारी से जुड़ा था, इसलिए लंबे समय तक कार्रवाई से बचा जाता रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *