⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर रेंज पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल और ग्राउंड लेवल कार्रवाई करते हुए उसके सक्रिय सदस्य विशाल पचार से जुड़े सोशल मीडिया नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया है। यह कार्रवाई श्रीगंगानगर जिले में की गई, जहां गैंग से जुड़े और गैंगस्टर को सोशल मीडिया पर समर्थन देने वाले लोगों पर एक साथ छापेमारी की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि विशाल पचार से 243 लोग लगातार सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में थे, जिनके ठिकानों पर जिला पुलिस ने अचानक दबिश दी। इस दौरान 87 लोगों को डिटेन, 3 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार और 26 आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में हिरासत में लिया गया।
इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन को एसपी डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। करीब दो महीने की गुप्त तैयारी के बाद जिलेभर के थानों से 60 विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं, जिनमें 262 अधिकारी व पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने विशाल पचार के 10 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट पहले ही ब्लॉक करवा दिए थे। इसके बाद स्नैपचैट और इंस्टाग्राम पर हुई चैटिंग के डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उन लोगों की पहचान की गई, जो सीधे या परोक्ष रूप से गैंगस्टर से जुड़े हुए थे।
जिला पुलिस अब इन 243 चिन्हित लोगों की पूरी कुंडली तैयार कर रही है। पूछताछ में इनके गैंगस्टर से संबंध, आर्थिक मदद, सोशल मीडिया समर्थन और संपर्क की प्रकृति की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि, आगे भी विशाल पचार या किसी गैंगस्टर से संपर्क पाए जाने पर BNS के तहत गैंगस्टर्स को मदद देने के आरोप में मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।















