🟢 Bikaner Crime News
बीकानेर जिले में 12वीं कक्षा की छात्रा के अपहरण और चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नापासर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस जघन्य अपराध में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक आरोपी को गुजरात के गांधीनगर से पकड़ा गया है, जबकि दूसरा आरोपी बीकानेर से ही दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता द्वारा 11 जनवरी को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में बताया गया कि 6 जनवरी को जब छात्रा स्कूल जा रही थी, तभी रास्ते में दो युवकों ने जबरन उसे कार में बिठा लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हंसराज और वकील के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी को गुजरात से हिरासत में लिया गया।
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया जा चुका है तथा पुलिस द्वारा घटनास्थल का मौका मुआयना भी किया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद जल्द ही चार्जशीट पेश की जाएगी।















