⚪ Rajasthan Political News
पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया की कांग्रेस में घर वापसी ने राजस्थान की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात के बाद अब पार्टी हाईकमान की मंजूरी मिलते ही मालवीया औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता लेने जा रहे हैं। इसके लिए बांसवाड़ा में भव्य आयोजन की तैयारी शुरू हो चुकी है, जिसे कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में मालवीया ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ पहले कांग्रेस छोड़ने वाले सभी नेता और कार्यकर्ता भाजपा से नाता तोड़कर दोबारा कांग्रेस में शामिल होंगे।
निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर मालवीया ने भरोसा जताया कि पिछले 25 वर्षों से बांसवाड़ा में कांग्रेस का ही जिला प्रमुख बनता रहा है और इस बार भी कांग्रेस की जीत तय है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की अनुशासन समिति की सिफारिश पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मालवीया की पार्टी में वापसी को औपचारिक मंजूरी दी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि, मालवीया की वापसी से बांसवाड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे दक्षिण राजस्थान की राजनीति में कांग्रेस को नई मजबूती मिल सकती है।

















