🇮🇳 Explosives Seized Ahead of Republic Day
गणतंत्र दिवस पर राजस्थान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीकानेर से सटे नागौर जिले में पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद कर संभावित बड़े खतरे को टाल दिया। यह कार्रवाई थांवला थाना क्षेत्र के हरसौर गांव में की गई, जहां से 187 बोरियों में भरा करीब 9,550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया गया है।
नागौर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि मौके से सुलेमान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो हरसौर गांव का निवासी है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह वैध और अवैध माइनिंग से जुड़े लोगों को विस्फोटक सामग्री सप्लाई करता था।
दिल्ली ब्लास्ट से जुड़ता कनेक्शन
बरामद अमोनियम नाइट्रेट को लेकर सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्क हैं, क्योंकि इसी तरह का विस्फोटक 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट में इस्तेमाल किया गया था। इससे एक दिन पहले, 9 नवंबर को आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ की गई कार्रवाई में भी करीब 3,000 किलो अमोनियम नाइट्रेट पकड़ा गया था। ऐसे में नागौर में मिली यह खेप जांच एजेंसियों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार, केवल अमोनियम नाइट्रेट ही नहीं, बल्कि मौके से भारी मात्रा में डेटोनेटर और फ्यूज वायर भी बरामद किए गए हैं, जिससे इस पूरे नेटवर्क की गंभीरता और बढ़ जाती है। मामले की जानकारी केंद्रीय एजेंसियों को दे दी गई है और जल्द ही वे भी आरोपी से गहन पूछताछ करेंगी।
गणतंत्र दिवस से ठीक पहले इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलना सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह विस्फोटक कहां और किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया जाना था।
















