Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • बीकानेर: अनियंत्रित होकर घर में दीवार तोड़कर घुसी कार, एक की मौत…
Image

बीकानेर: अनियंत्रित होकर घर में दीवार तोड़कर घुसी कार, एक की मौत…

⚪ Bikaner News Today

बीकानेर शहर के व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रिड़मलसर पुरोहितान में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान की दीवार तोड़ते हुए सीधे घर के अंदर जा घुसी। जिस समय यह हादसा हुआ, उस घर में 25वीं शादी सालगिरह का कार्यक्रम चल रहा था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्राम पंचायत कार्यालय के ठीक सामने सड़क पर बना खतरनाक मोड़ हादसे की वजह बना। तेज गति में आ रही कार मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी और सामने स्थित मकान में घुस गई। गनीमत रही कि घर के अंदर पहले से खड़ी एक कार से टकराकर वाहन वहीं रुक गया, अन्यथा बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे। गंभीर रूप से घायल तीनों को ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। फिलहाल मृतक व घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह मोड़ पहले भी कई हादसों का कारण बन चुका है। पीडब्ल्यूडी विभाग और संबंधित ठेकेदार को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही और अनदेखी के चलते अब तक चार बार इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। यदि समय रहते सुधार किया गया होता, तो बीती रात की घटना टाली जा सकती थी।

ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के कई घंटे बाद तक पीडब्ल्यूडी विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक खतरनाक मोड़ का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *