⚪ Bikaner Accident News
बीकानेर जिले में सड़क हादसों के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल बताई जा रही है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला पांचू थाना क्षेत्र के सारुडा गांव का है। गांव निवासी बाबू सिंह राजपूत ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। परिवादी के अनुसार 31 जनवरी को एक बाइक सवार ने तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। इस हादसे में उसके भाई भवानी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार महिला प्रेम कंवर घायल हो गई, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला पूगल थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक के भाई पुरखाराम नायक ने रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई मांगीलाल नायक मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान अचानक रास्ते में कुत्ता आ जाने से बाइक फिसल गई, जिससे वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस दोनों मामलों में हादसों के कारणों की जांच में जुटी हुई है।















