Bikaner Breaking
  • Home
  • Bharat
  • बीकानेर: युवती की संदिग्ध मौत से सनसनी, पिता ने अपहरण व हत्या का लगाया आरोप…
Image

बीकानेर: युवती की संदिग्ध मौत से सनसनी, पिता ने अपहरण व हत्या का लगाया आरोप…

🔴 Bikaner Crime News

बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में एक विवाहित युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के पिता ने बेटी के अपहरण और गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाते हुए न्यायालय के माध्यम से मामला दर्ज कराया है। कोर्ट के आदेश पर बज्जू पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित पीसानाथ पुत्र जवाननाथ, निवासी बज्जू तेजपुरा हाल 931 आर.डी. पंवारवाला ने कोर्ट इस्तगासा के जरिए शिकायत दी है। परिवादी के अनुसार उसकी पुत्री करिश्मा की शादी मूलनाथ पुत्र ईशरनाथ, निवासी बज्जू तेजपुरा से हुई थी। करिश्मा के साथ पूर्व में जबरन बलात्कार का मामला भी दर्ज कराया गया था, जिसकी एफआईआर संख्या 189/2025 पुलिस थाना बज्जू में दर्ज है, लेकिन आरोप है कि इस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

परिवादी ने बताया कि 26 दिसंबर 2025 की रात करीब 11 बजे करिश्मा घर से बाहर गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आरोप है कि अगले दिन 27 दिसंबर को मूलनाथ ने पीड़ित के मोबाइल पर कॉल कर कहा कि “आपकी पुत्री हमारे कब्जे में है, आपको सुबह सब पता चल जाएगा।”

मृतका के पिता का आरोप है कि करिश्मा को लगातार धमकियां दी जा रही थीं। करिश्मा ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट साझा कर कुछ लोगों द्वारा 10 लाख रुपये की मांग और मारपीट के आरोप भी लगाए थे, जो इस पूरे मामले को और गंभीर बनाते हैं।

पीड़ित के अनुसार 28 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस थाना बज्जू से सूचना मिली कि करिश्मा की मौत हो चुकी है। पिता का आरोप है कि यह एक सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र था, जिसके तहत उसकी पुत्री का अपहरण कर गला घोंटकर हत्या की गई।परिवादी ने बताया कि उसने 28 दिसंबर को ही पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट दी थी और 2 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक बीकानेर को भी प्रार्थना पत्र भेजा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद मजबूर होकर न्यायालय की शरण ली गई। कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *