🟢 Rajasthan Political News
ED ने विधायक डेवलपमेंट फंड के कथित दुरुपयोग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया है। जयपुर क्षेत्रीय इकाई की टीम ने मंगलवार रात अलवर जिले के शाहजहांपुर टोल प्लाजा से उन्हें हिरासत में लिया।
सूत्रों के अनुसार, हिरासत के बाद पूर्व विधायक को जयपुर स्थित ईडी कार्यालय लाया गया, जहां लंबी पूछताछ के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि बलजीत यादव ने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से 3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का दुरुपयोग और गबन किया। ईडी सूत्रों का कहना है कि जनवरी 2025 में जयपुर में 8 और दौसा व बहरोड़ में एक-एक ठिकानों पर की गई तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और आपत्तिजनक साक्ष्य बरामद हुए थे। इन्हीं सबूतों के आधार पर ईडी ने अब गिरफ्तारी की कार्रवाई की है।
फिलहाल पूर्व विधायक बलजीत यादव से जयपुर ईडी कार्यालय में आगे की पूछताछ की जा रही है। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

















