Bikaner Breaking
  • Home
  • Politics
  • भाजपा विधायक को जान से मारने की धमकी…
Image

भाजपा विधायक को जान से मारने की धमकी…

🔴 Rajasthan Political News

राजस्थान की राजधानी जयपुर में भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक ने आरोप लगाया कि उन्हें फोन पर गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। यह बयान उन्होंने सोमवार को आयुर्वेद संस्थान में मीडिया से बातचीत के दौरान दिया।

दरअसल, 8 फरवरी को परकोटा क्षेत्र के चांदपोल गेट स्थित सब्जी मंडी में छत निर्माण को लेकर भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य और कांग्रेस विधायक अमीन कागजी के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद मामला और गरमा गया। विधायक बालमुकुंदाचार्य का कहना है कि वे क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध निर्माण की शिकायत पर केवल अधिकारियों से जांच करवाने गए थे। उन्होंने कहा— “यदि निर्माण कार्य नियमानुसार हो रहा है तो जारी रहना चाहिए और यदि नियमों के खिलाफ है तो उसे रोका जाना चाहिए। मेरा उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद या उपद्रव करना नहीं था।”

भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में अनावश्यक तनाव पैदा करती हैं। वहीं, किशनपोल विधायक अमीन कागजी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि विधायक को धमकी मिली है तो उन्हें थाने में एफआईआर दर्ज करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी से मामले का समाधान नहीं होगा।

जयपुर के परकोटा क्षेत्र में हुए इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अवैध निर्माण, प्रशासनिक कार्रवाई और धमकी के आरोपों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *