🟡 Rajasthan Budget 2026-27
राजस्थान विधानसभा में उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 को लेकर भाजपा नेताओं ने इसे विकसित राजस्थान की संकल्पना को साकार करने वाला ऐतिहासिक और सर्वसमावेशी बजट बताया है। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने बजट को किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और आमजन के हितों को समर्पित बताया।
अर्जुन राम मेघवाल: ऊर्जा, जल और स्वास्थ्य में ऐतिहासिक प्रावधान
केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट डबल इंजन सरकार की जनसेवा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने विशेष रूप से बीकानेर और जैसलमेर में ₹2900 करोड़ की लागत से 4830 मेगावॉट क्षमता के सोलर पार्क, 280 करोड़ की लागत से लिफ्ट नहर प्रणालियों के जीर्णोद्धार, PBM अस्पताल के सुदृढ़ीकरण और देशनोक में ₹750 करोड़ की 24×7 पेयजल योजना को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत में विकसित राजस्थान की प्रभावशाली भूमिका तय करेगा।
सिद्धि कुमारी: महिला सशक्तिकरण को नई ताकत
बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी ने बजट को महिला सशक्तिकरण का मजबूत दस्तावेज बताया। लखपति दीदी योजना में ऋण सीमा 1 लाख से बढ़ाकर 1.50 लाख करना, 50 करोड़ की लागत से महिला पुनर्वास केंद्र और 50 हजार किशोरी बालिकाओं को पूरक पोषाहार योजना से जोड़ना स्वागत योग्य कदम हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
ताराचंद सारस्वत: समग्र सशक्तिकरण का दस्तावेज
श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने बजट को प्रत्येक वर्ग के समग्र सशक्तिकरण का ठोस दस्तावेज बताया। युवाओं को 10 लाख तक स्वरोजगार ऋण, 30 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष लाभ, महिला BPO की स्थापना और क्षेत्र में नवीन पुलिस चौकी व सहायक अभियंता कार्यालय की घोषणा विकासोन्मुखी कदम हैं।
श्याम पंचारिया: किसानों को समर्पित कृषि बजट
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि बजट में किसानों के लिए बड़े ऐलान किए गए हैं। 50 हजार सोलर पंप के लिए 1500 करोड़, 35 लाख किसानों को 25 हजार करोड़ के ब्याज मुक्त फसली ऋण, 8000 डिग्गियों और 36 हजार फार्म पॉन्ड निर्माण तथा 50 हजार किसानों को तारबंदी अनुदान से कृषि क्षेत्र मजबूत होगा। सहकारी बैंकों से दीर्घकालीन कृषि ऋण पर 5% ब्याज अनुदान भी सराहनीय है।
महावीर रांका: पर्यटन, शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा
भाजपा नेता एवं पूर्व UIT चेयरमैन महावीर रांका ने कहा कि बजट में 1 लाख नई सरकारी नौकरियों की घोषणा, 30 हजार युवाओं को 10 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण, मेधावी छात्रों को टैबलेट/लैपटॉप सहायता और अस्पतालों में बिना दस्तावेज मुफ्त इलाज की सुविधा आमजन के लिए राहतकारी है। थार सांस्कृतिक सर्किट से बीकानेर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
मनीष सोनी: ‘हर घर खुशहाली’ की दिशा में कदम
भाजपा मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने कहा कि यह बजट आमजन की सुरक्षा और सुविधा पर केंद्रित है। हेल्थ, पेयजल, ट्रांसपोर्ट और कर्मचारियों के हित में लिए गए फैसले प्रदेश के विकास को नई गति देंगे। यह बजट ‘हर घर खुशहाली’ की संकल्पना को साकार करेगा।
पंकज अग्रवाल: युवाओं के सपनों को मिलेगा मंच
भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री पंकज अग्रवाल ने कहा कि बजट युवाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी है। कॉलेज छात्रों के लिए ड्रीम प्रोग्राम, 50 हजार विद्यार्थियों को लाभ, 1000 युवाओं को विदेशी भाषाओं की ट्रेनिंग, AI स्टार्टअप प्रोग्राम, 30 करोड़ के टेक्नो हब और राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना पारदर्शिता और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।














