⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर कोर्ट परिसर में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुष्पेंद्र सिंह सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह मामला बीकानेर कोर्ट परिसर का है। इस संबंध में सेशन कोर्ट में तैनात होमगार्ड मनीष पारीक ने सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि कुछ लोगों ने बिना किसी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के ग्राम न्यायालय बीकानेर के न्यायालय कक्ष में अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया।
आरोप है कि आरोपियों ने जानबूझकर कोर्ट कक्ष के अंदर वीडियो बनाया और बाद में उसे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस तरह की हरकत से आमजन के बीच न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुष्पेंद्र सिंह व अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।















