⚫ Bikaner News Today
बीकानेर जिले की श्रीडूंगरगढ़ तहसील के तोलियासर गांव में अवैध रूप से हरे पेड़ काटने का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक खेत में कुल 51 पेड़ काटे जाने की पुष्टि हुई है, जिनमें 18 खेजड़ी के पेड़ भी शामिल बताए जा रहे हैं। मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप और एक ट्रैक्टर जब्त कर लिया है तथा दोनों वाहन चालकों के खिलाफ राजस्थान वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को तोलियासर गांव के एक खेत में खेजड़ी के पेड़ काटे जाने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान ग्रामीणों ने पेड़ों को ले जा रही दो गाड़ियों को मौके पर ही रोक लिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम रात को मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण पेड़ों की पूरी गिनती नहीं हो सकी, जिससे तत्काल मौका रिपोर्ट भी तैयार नहीं हो पाई। शुक्रवार सुबह वन विभाग और राजस्व विभाग की टीम दोबारा मौके पर पहुंची। जांच में खेत में 18 खेजड़ी के पेड़ कटे हुए मिले, जिनमें से 13 पेड़ों के केवल ठूंठ ही नजर आए, जबकि 5 पेड़ तने से कटे हुए पाए गए। इसके अलावा 33 विलायती बबूल के पेड़ भी कटे होने की जानकारी सामने आई।
बताया जा रहा है कि ये पेड़ खसरा नंबर 506 में काटे गए हैं। वहीं गिरदावर की मौका रिपोर्ट में 14 पेड़ों के ठूंठ और 13 विलायती बबूल का उल्लेख किया गया है, जिससे दोनों विभागों की रिपोर्ट में कुछ अंतर भी सामने आया है। श्रीडूंगरगढ़ के तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा के अनुसार, वन विभाग ने संभवतः छोटे पेड़ों को भी गिनती में शामिल किया है। साथ ही कुछ कटे हुए पेड़ जब्त की गई गाड़ियों में भी पाए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
वन विभाग की ओर से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि अवैध कटाई में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो आगे और सख्त कार्रवाई की जा सकती है।















