🟡 Bikaner News Today
बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में नहर किनारे कपड़े, चप्पल और कथित सुसाइड नोट छोड़कर गायब हुई महिला आखिरकार पुलिस को मिल गई है। दो दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद महिला सतासर क्षेत्र के पास अपने बच्चों और मां के साथ बैठी हुई मिली।
दरअसल कुछ दिन पहले नहर के किनारे महिला के कपड़े, चप्पल और एक सुसाइड नोट मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आशंका जताई थी कि महिला ने नहर में छलांग लगा ली होगी। इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ टीमों के साथ मिलकर नहर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी देर तक चली तलाश के बावजूद न तो महिला का कोई सुराग मिला और न ही उसकी दोनों बेटियों का पता चला। ऐसे में पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में भी महिला की तलाश शुरू की।
शनिवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि महिला को सतासर के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला अपने दो बच्चों और मां के साथ बैठी हुई मिली। पुलिस ने महिला और बच्चों को अपने साथ लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है कि आखिर महिला ने नहर किनारे कपड़े, चप्पल और सुसाइड नोट क्यों छोड़ा। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी और क्या यह किसी तरह का पारिवारिक या अन्य विवाद का मामला है।















