🟡 Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र में एक महिला को नौकरी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर नोखा पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से नोखा स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत है। इसी दौरान दवाइयों के प्रचार-प्रसार का काम करने वाला एक युवक अक्सर अस्पताल में आता-जाता था। धीरे-धीरे उसने पीड़िता से पहचान बढ़ाई और बीकानेर के किसी बड़े अस्पताल में अच्छी सैलरी पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। भरोसा दिलाने के लिए उसने पीड़िता से उसके शैक्षणिक दस्तावेज और अन्य कागजात भी ले लिए। रिपोर्ट के अनुसार 17 नवंबर 2025 को आरोपी उसे इंटरव्यू के बहाने बीकानेर ले गया। वहां एक होटल में इंटरव्यू होने की बात कहकर उसने पीड़िता को नशीला पेय पदार्थ पिला दिया। बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल से अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए।
इसके बाद आरोपी उन फोटो-वीडियो को वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उसे कई बार बीकानेर ले जाकर दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता ने बताया कि 12 जनवरी 2026 को आरोपी उसे नशीला पदार्थ पिलाकर जयपुर ले गया, जहां उसने धमकाकर कुछ कागजातों पर जबरन हस्ताक्षर भी करवा लिए और खुद को उसका पति बताने लगा। पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां एक कमरे में बंद रखकर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौच करता और जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा।
आखिरकार 7 मार्च 2026 को पीड़िता किसी तरह आरोपी के घर से निकलकर नोखा स्थित अपने पिता के घर पहुंची। इसके बाद उसने नोखा पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।















