🟡 Bikaner Dowry Harassment Case
बीकानेर जिले में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में मोमासर बास निवासी शबनम तेली ने मुजानगढ़ निवासी अपने पति अफजल, ससुर अब्दुल करीम तेली, सास दौलत और ननद नायदा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका निकाह 2 नवंबर 2019 को अफजल के साथ हुआ था। विवाह के समय उसके पिता ने दान-दहेज के रूप में नगदी और गहने दिए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने कम दहेज लाने का ताना देकर उसे लगातार प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष की दहेज की मांग खत्म नहीं हुई। जब पीहर पक्ष की ओर से मांग पूरी नहीं की गई तो आरोपियों ने उसके जेवर और मोटरसाइकिल बेचकर हड़प लिए।
रिपोर्ट के अनुसार 28 फरवरी 2026 को गृहकार्य के दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, उसके पहने हुए गहने उतरवा लिए और उसे उसकी बच्ची सहित घर से निकाल दिया। इसके बाद 3 मार्च को पीड़िता के पीहर पक्ष के लोगों ने पंच-पंचायती कर समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पांच लाख रुपये नकद और दस तोला सोना देने की मांग रख दी और स्त्रीधन लौटाने से भी इनकार कर दिया।
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच श्रीडूंगरगढ़ थाने के एसआई रतनलाल द्वारा की जा रही है।















