🟡 Assembly Election Dates 2026
देश की राजनीति के लिए आज बड़ा दिन है। Election Commission of India आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान करेगा। इन पांचों राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई 2026 में समाप्त हो रहा है, ऐसे में चुनावी प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
सूत्रों के अनुसार इस बार चुनाव चरणों की संख्या पहले से कम हो सकती है। संभावना जताई जा रही है कि पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में दो-दो चरणों में मतदान कराया जाएगा, जबकि केरल और पुडुचेरी में सिंगल फेज में वोटिंग हो सकती है। पिछले चुनावों में भी इन पांच राज्यों में एक साथ मतदान कराया गया था। साल 2021 में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 26 फरवरी को की गई थी। उस समय पश्चिम बंगाल में 8 चरणों, असम में 3 चरणों, जबकि तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान कराया गया था।
चुनाव से पहले हुए SIR (Special Intensive Revision) के दौरान मतदाता सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
- तमिलनाडु: सबसे ज्यादा 74,07,207 नाम हटाए गए
- पश्चिम बंगाल: करीब 58 लाख नाम हटे
- केरल: लगभग 8 लाख मतदाता हटे
- असम: करीब 2 लाख नाम हटे
- पुडुचेरी: सबसे कम 77 हजार नाम हटाए गए
चुनाव आयोग के अनुसार 27 अक्टूबर 2025 को SIR प्रक्रिया शुरू होने के समय तमिलनाडु में 6,41,14,587 मतदाता थे। करीब चार महीने चली इस प्रक्रिया के बाद अब राज्य में 5,67,07,380 मतदाता पंजीकृत रह गए हैं।
तारीखों के ऐलान से पहले ही इन राज्यों में राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही आचार संहिता लागू हो जाएगी और पार्टियां पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतरेंगी।


















