🟡 Domestic Gas Cylinder Misuse Action Bikaner
बीकानेर में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग को रोकने के लिए जिला रसद विभाग ने रविवार देर रात सघन कार्रवाई की। जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।
मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम सर्वोदय बस्ती पहुंची, जहां एक संदिग्ध बाड़े की जांच की गई। जांच के दौरान मौके से 38 घरेलू गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मोटर और तोलने का कांटा बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुक्ता प्रसाद थाना पुलिस को मौके पर बुलाकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। इसके अलावा कलेक्ट्रेट के पीछे संचालित चाट, बर्गर और पावभाजी स्टॉल्स तथा ढोला-मारू क्षेत्र के सामने लगे ठेलों पर भी घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। विशेष प्रवर्तन दल ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 8 अतिरिक्त घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर के निर्देश पर घरेलू गैस के दुरुपयोग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दिन में गैस एजेंसियों की बुकिंग और वितरण व्यवस्था की निगरानी की जा रही है, वहीं रात के समय शहर में विशेष टीम द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के दो दिन के भीतर रिफिल आपूर्ति की जा रही है। इसलिए उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है।
जिला रसद विभाग ने चेतावनी दी है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















