🟡 Instagram Post Suicide Case in Bikaner
बीकानेर के जेएनवीसी पुलिस थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना 23 मार्च की रात श्याम कॉलोनी में हुई।
मृतक के पिता पेमाराम सुथार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके बेटे जयनारायण को उसकी पत्नी प्रियंका, ससुर नानूराम, सास सुशीला सहित अन्य ससुराल पक्ष के लोग लगातार परेशान कर रहे थे। इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने यह कदम उठाया। परिजनों के अनुसार, युवक ने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट और स्टेटस साझा कर अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया। यह पोस्ट अब मामले की जांच में अहम साक्ष्य बन सकती है।
पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट, कॉल डिटेल्स और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।















