RASHTRA DEEP NEWS। भाजपा नेता और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को विपक्षी एकता पर तंज करते हुए कहा कि जंगल में कितने भी जानवर एकजुट हो जाएं, राजा शेर ही रहेगा। उन्होंने कहा कि साल 2024 के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजा साबित होंगे और कोई भी उन्हें चुनौती नहीं दे पाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा अगले चुनाव में 303 सीटों का आंकड़ा भी पार कर जाएगी। वह नागपुर में एक पार्टी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह सम्मेलन कांग्रेस से निष्कासित आशीष देशमुख को भाजपा में शामिल करने के सिलसिले में बुलाया गया था।
इस सम्मेलन के दौरान महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम ने विपक्ष की 23 जून को पटना में होने वाली रैली के बारे में बोला। उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी पार्टियां पटना में रैली की योजना बना रही हैं। कुछ ऐसा ही प्रयास साल 2019 के चुनाव से पहले भी हुआ था। तब 55 से कुछ कम नेताओं ने एक विशाल रैली में मंच साझा किया था। लेकिन नतीजों में कांग्रेस को केवल 48 सीटें ही मिली थीं। फडणवीस ने कहा कि जंगल में यह मायने नहीं रखता कि जानवर कितने एकजुट हैं। वह शेर का शिकार नहीं कर सकते। जंगल पर राज शेर ही करता है।
फडणवीस ने कहा कि मैं विपक्ष को एक खुली चुनौती देता हूं। वह चुनाव से पहले अपना नेता घोषित कर दें। विपक्ष के भीतर एक नेता पर सहमति नहीं है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी कांग्रेस से नाखुश हैं कि क्योंकि कांग्रेस वामदलों को समर्थन करती है। वहीं, नीतीश कुमार के पास खुद के तमाम मसले हैं। कोई किसी को नेता के रूप में स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है।