RASHTRA DEEP NEWS।
राजस्थान के आगामी विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए कितने अहम हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीएम मोदी के प्रदेश में लगातार दौरे हो रहे हैं। बीजेपी के केन्द्रीय नेताओं ने भी मोर्चा संभाल लिया है तो प्रदेश बीजेपी भी सड़कों पर लगातार आंदोलन कर रही है। अब बीजेपी ने दूसरे राज्यों के कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज भी प्रदेश में उतार दी है। आज से देश के 10 राज्यों के नौ सौ कार्यकर्ता एक सप्ताह तक अलग-अलग संगठनात्मक कार्यो में अपनी भूमिका अदा करेंगे। दरअसल भारतीय जनता पार्टी के विशेष महासम्पर्क अभियान के तहत ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम का बीते दिन भोपाल में आयोजन हुआ था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बूथ प्रभारी और बूथ संयोजकों से सीधा संवाद किया। बूथ संवाद कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा स्तरीय कार्यकताओं ने भी भाग लिया. इस कार्यक्रम के लिए कार्यकर्ताओं का पूर्व में चयन कर उन्हे प्रशिक्षित किया गया था। बूथ संवाद कार्यक्रम के बाद 10 राज्यों के 900 अल्पकालीन बूथ विस्तारक कार्यकर्ता राजस्थान के विभिन्न मंडलों में 7 दिन के लिए प्रवास करेंगे। इन सभी अल्पकालीन बूथ विस्तारकों को आज अलग-अलग जिलों के लिए रवाना किया गया।
प्रदेश बीजेपी कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाडी और जयपुर सांसद रामचरण बोहरा ने आवश्यक दिशा निर्देश देकर भाजपा मुख्यालय से रवाना किया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह है, जबकी प्रदेश प्रभारी अरुण ने कहा कि कांग्रेस के दूसरे राज्यों में कार्यकर्ता ही नहीं है, इसलिए उनके कार्यकर्ता यहां नहीं आते हैं
10 राज्यों के 900 अल्पकालीन बूथ विस्तारक कार्यकर्ताओं में जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, गोवा, चंडीगढ़ प्रमुख है। ये सभी 900 अल्पकालीन बूथ विस्तारक विभिन्न मंडलों के बूथों पर आगामी 4 जुलाई तक रहकर संगठनात्मक कार्यों का फीडबैक लेंगे। इन सभी बूथ विस्तारकों को बूथ समिति बैठक, पन्ना प्रमुख संवाद, शक्ति केन्द्र पर लाभार्थियों से संवाद और महासम्पर्क अभियान में सहयोग का जिम्मा दिया गया है।