RASHTRA DEEP NEWS
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने शुक्रवार को अपने राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त कर दिया। गवर्नर हाउस के मुताबिक, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यपाल कलराज मिश्र से मंत्री को हटाने की सिफारिश की थी। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री की अनुशंसा को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया।गवर्नर हाउस ने कहा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 21 जुलाई की शाम को राज्यपाल कलराज मिश्र से मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को बर्खास्त करने की सिफारिश की। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री गहलोत की इस सिफारिश को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। हालांकि आदेश में गुढ़ा की बर्खास्तगी का कोई कारण नहीं बताया।
राजेंद्र सिंह की बर्खास्तगी के बाद बीजेपी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर पलटवार किया है। बीजेपी नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि गहलोत राज में सच बोलना मना है।
गुढ़ा ने अपनी सरकार पर उठाए थे सवाल, गुढ़ा ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की हालिया घटनाओं पर अपनी ही सरकार की आलोचना की थी। विधानसभा में बोलते हुए कांग्रेस नेता गुढ़ा ने कहा कि यह स्वीकार किया जाना चाहिए कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा में विफल रही है। गुढ़ा ने कहा, मणिपुर के बजाय हमें अपने अंदर झांकना चाहिए कि राजस्थान में महिलाओं पर अत्याचार क्यों बढ़े हैं।