RASHTRADEEP NEWS
बीकानेर के लूणकरनसर में सोमवार सुबह सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक बिहार निवासी था, जबकि दूसरा प्रतापगढ़ का रहने वाला था। हादसा एक मारुति वेन और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर से हुआ। नाथवाना गांव के पास भारत माला प्रोजेक्ट के पास हुआ है, जहां से घायलों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के लिए रेफर किया गया है जबकि मृतकों के शव लूणकरनसर के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बर्ड सेफ्टी नेट का काम करने वाली एक फर्म के सदस्य मारुति वेन में अहमदाबाद से श्रीगंगानगर जा रहे थे। कंपनी मैनेजर प्रतापगढ़ निवासी फूलचंद्रा और अक्षय गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव अब लूणकरनसर के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखे गए हैं। वहीं इसी गाड़ी में सवार शिव बहादुर, चालक राजेश्वर सिंह, मनीष निवासी प्रतापगढ़, अक्षय कुमार निवासी प्रतापगढ़ घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि ये कम्पनी बर्ड सेफ्टी नेट का काम करती है। गाड़ी में भी नेट काफी मात्रा में मिली है। ये लोग घरों में पक्षियों का प्रवेश रोकने के लिए लगने वाली इस नेट को लेकर अहमदाबाद से श्रीगंगानगर की ओर जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे इनकी गाड़ी सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि वेन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जिस ट्रक से हादसा हुआ, उसी ट्रक में घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचाया गया।














