RASHTRADEEP NEWS
राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर चल रहीं है। इसी बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने वाले नेताओं और विधायकों को जमकर फटकारा। इतना ही नहीं डोटासरा ने विधायकों को टिकट काटने तक की चेतावनी दे डाली। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने भाजपा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये देश इनके बाप की जागीर नहीं है। हमारे महापुरुषों और कांग्रेस पार्टी ने त्याग, तपस्या और बलिदान देकर देश को आजाद करवाया है। हजारों लोगों की शहादत के बाद आजादी मिली है। चुनाव से पहले डोटासरा अपनी ही पार्टी के नेताओं पर क्यों बिफरे?
दरअसल, पांच अक्तूबर को भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को रावण बताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्टर शेयर किया था। जिसके विरोध में बीते शुक्रवार को जयपुर में एक प्रदर्शन किया जाना था। इस विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पार्टी के कुछ विधायक ही पहुंचे थे। इससे कांग्रेस दमदार तरीके से प्रदर्शन नहीं कर पाई। प्रदर्शन में कम भीड़ होने के काराण डोटासरा ने नाराजगी जाहिर की।
डोटासरा ने कहा- 2023 में कांग्रेस जीतेगी, लेकिन इस चुनाव में उम्मीदवार वही होगा जो पार्टी के समर्पित होगा। पूरी तरह से अपने आप को पार्टी के लिए समर्पित करेगा।
साथ ही उन्होंने कहा- कुछ विधायकों को लग रहा है कि पार्टी के विरोध-प्रदर्शन या छोटे कार्यक्रमों में आने से क्या होगा। मैं उन्हें बता दूं, कांग्रेस है तो हम सब है। हमारे नेता राहुल गांधी के खिलाफ षड्यंत्र किया जा रहा है, उसके बाद भी खून नहीं खोलता है तो पार्टी को ऐसे नेताओं की जरूरत नहीं है।
डोटासरा ने कहा- कि इस चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार वो नेता बिल्कुल नहीं होगा जो सुबह 11 बजे उठकर कहेगा कि भाई साहब पता नहीं था, आज क्या कार्यक्रम था। अभी संघर्ष करने का मौका है। सड़कों पर उतरो, पार्टी को और मजबूत करो, अपने नेता के लिए जीन जान लगा दो। जो भी ये करेगा उसका भविष्य उज्जवल है। कौन आ रहा है, कौन नहीं आ रहा इसकी चिंता मत करो। अपने दम पर आगे बढ़ो।